काशी में जल्द शुरू होगा देश का पहला अर्बन रोपवे, 16 मिनट में पूरा होगा कैंट से गोदौलिया का सफर

काशी में देश की पहली अर्बन रोपवे परियोजना जल्द शुरू होने की तैयारी है। कैंट से गोदौलिया तक करीब 3.85 किलोमीटर लंबे इस रूट का निर्माण 96 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। इस पर कैंट, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरिजाघर और गोदौलिया समेत पांच स्टेशन बनाए गए हैं। रोपवे शुरू होने के बाद कैंट से गोदौलिया तक का सफर महज 16 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जबकि अभी ऑटो से इसी दूरी को तय करने में करीब 30 से 40 मिनट लगते हैं।

इस परियोजना में 153 एसी गंडोले लगाए जा रहे हैं। हर केबिन में एक साथ 10 यात्री बैठ सकेंगे और करीब दो मिनट के अंतराल पर स्टेशन पर गंडोला उपलब्ध होगा। इसकी रफ्तार 21 से 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी। पूरे रूट का किराया 50 रुपये प्रस्तावित है, जबकि एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक जाने के लिए 10 रुपये देने होंगे। यात्री अपनी सुविधा के अनुसार बीच के किसी भी स्टेशन पर उतर सकेंगे।

रोपवे स्टेशनों पर मेट्रो जैसी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। प्रवेश से पहले सामान की जांच, टिकट स्कैनिंग और यात्रियों के लिए वेटिंग हॉल बनाया गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर बैकअप सिस्टम के जरिए गंडोलों को नजदीकी स्टेशन तक पहुंचाया जा सकेगा। हवा की गति पर नजर रखने के लिए केबिन में एनीमोमीटर भी लगाए गए हैं। करीब 807 करोड़ रुपये की इस परियोजना में गोदौलिया स्टेशन का काम अभी अंतिम चरण में है। इसके शुरू होने से काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा घाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।



Post a Comment

Previous Post Next Post