बद्रीनाथ हेलीकॉप्टर हादसे पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने जताया शोक, धाम की मर्यादा बनाए रखने के लिए कड़े कदमों की मांग

बदरीनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे कर्नाटक के छह श्रद्धालुओं की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई मौत पर ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

शंकराचार्य ने हादसे पर चिंता जताते हुए उत्तराखंड सरकार से दुर्घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि हादसे के पीछे संभावित तकनीकी खराबी, मौसम की अनदेखी अथवा व्यावसायिक दबाव जैसे कारणों की गंभीरता से पड़ताल होनी चाहिए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विमानन सुरक्षा मानकों को और सख्त किया जाए।

उन्होंने बदरीनाथ धाम की पवित्रता, प्राचीन परंपराओं और धार्मिक मर्यादा की रक्षा पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, तीर्थक्षेत्र और यात्रा मार्ग पर डीजे बजाने, नाच-गाने तथा मनोरंजन के व्यावसायिक कार्यक्रमों का आयोजन धाम की आध्यात्मिक गरिमा के अनुरूप नहीं है।

शंकराचार्य ने उत्तराखंड सरकार और मुख्यमंत्री से धाम क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए स्पष्ट एवं कठोर नीति बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि देवभूमि के तीर्थस्थलों की मूल आध्यात्मिक प्रकृति और धार्मिक परंपराओं को सुरक्षित रखना आवश्यक है।

Post a Comment

Previous Post Next Post