सर्वजन सनातन पार्टी (एसएसपी) ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष और सीबीआई के पूर्व निदेशक एम. नागेश्वर राव ने सोमवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पार्टी प्रदेश की जनता को स्वतंत्र राजनीतिक विकल्प देने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरेगी।
एम. नागेश्वर राव ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का हिंदू मतों पर एकाधिकार नहीं है और सनातन में आस्था रखने का अर्थ किसी दल के प्रति राजनीतिक प्रतिबद्धता नहीं है। उन्होंने भाजपा पर छद्म हिंदुत्व और जातिगत विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में ऐसी राजनीति की जरूरत है, जो सभ्यतागत मूल्यों के साथ विकास, न्याय और जनकल्याण को भी महत्व दे।
पार्टी ने कानून का शासन, गोवंश संरक्षण, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रबंधन में हिंदू धर्माचार्यों और साधु-संतों की भूमिका, आरक्षण नीतियों की समीक्षा तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने जैसे मुद्दे उठाए। इसके साथ ही किसान और ग्रामीण समृद्धि, स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा परिवार की मजबूती को भी अपने एजेंडे में शामिल किया। पार्टी ने अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम को निरस्त करने की मांग भी रखी।
राव ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि सनातन सभ्यतागत मूल्यों, संवैधानिक लोकतंत्र, सामाजिक समरसता और जवाबदेह शासन पर आधारित व्यवस्था के निर्माण की दिशा में काम करना है। उन्होंने संतों, किसानों, युवाओं, श्रमिकों, उद्यमियों और आम नागरिकों से पार्टी के अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।


