नगवां, लंका स्थित इंटरनेशनल हिन्दू स्कूल में सोमवार को ‘विकसित भारत सभागार’ का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस दौरान मंगलवार, 13 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विद्यालय के 17वें भाषा उत्सव को लेकर पत्रकार वार्ता भी हुई। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘विकसित भारत’ रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषायी सद्भाव, साहित्यिक चेतना और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।
विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. सुमन कुमार मिश्र ने बताया कि विद्यालय में पिछले 16 वर्षों से भाषा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शहर के विभिन्न सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थी हिस्सा लेते हैं। हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी और जर्मन सहित विभिन्न भाषाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को साहित्य, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने कहा कि भाषायी विविधता को समझना और उसका सम्मान करना जरूरी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संवाद, सहिष्णुता और सांस्कृतिक एकता की भावना को मजबूत करते हैं। विद्यालय का उद्देश्य भारतीय मूल्यों को बनाए रखते हुए विद्यार्थियों को वैश्विक नागरिक के रूप में विकसित करना है, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।
मंगलवार को होने वाले भाषा उत्सव में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. जयशंकर झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पत्रकार वार्ता में विद्यालय की प्रबंधक संध्या मिश्रा, प्रधानाचार्य संतोष कुमार तिवारी, शैक्षिक सलाहकार जयन्ती सामंत तथा उप-प्रधानाचार्य गणेश शंकर चतुर्वेदी सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।


