काशी एयर शो के लिए खास सुरक्षा प्लान, नगर और घाट क्षेत्र में बने 79 अस्थायी थाने,11,900 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

वाराणसी के नमो घाट पर 22 अक्टूबर से शुरू हो रहे भव्य एयर शो को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने तैयारियों का जायजा लेते हुए बताया कि बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के लिए वाराणसी में 11,900 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी आयोजन के दौरान मुस्तैद रहेंगी।

एयर शो के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरे क्षेत्र में 79 अस्थायी पुलिस थाने बनाए गए हैं। इनमें 48 थाने नगर क्षेत्र और 31 घाट क्षेत्र में स्थापित किए गए हैं। इन थानों की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों को सौंपी गई है। सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बम निरोधक दस्ता और एटीएस के साथ सिविल पुलिस भी तैनात रहेगी। प्रशासन की ओर से एयर फोर्स के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


दर्शकों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, एयरपोर्ट और प्रमुख रास्तों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को आयोजन स्थल तक पहुंचने में परेशानी न हो। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रास्तों, पार्किंग स्थलों और दर्शक दीर्घाओं का ही इस्तेमाल करें। साथ ही अफवाहों से बचने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करने की सलाह दी गई है। प्रशासन का उद्देश्य एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post