महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के बॉयज हॉस्टल स्थित मेस में खाने की गुणवत्ता को लेकर छात्रों ने आपत्ति जताई है। छात्रों के मुताबिक, लगातार दो-तीन दिनों से थाली में कीड़ा मिलने की शिकायत सामने आ रही है। बुधवार को एक छात्र के भोजन में भी कीड़ा मिलने के बाद छात्रों ने मेस संचालकों के सामने मामला उठाया और व्यवस्था में सुधार की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने पर कुलपति प्रो. आनंद त्यागी मेस पहुंचे और वहां भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने खाना बनाने की प्रक्रिया, साफ-सफाई और अन्य इंतजामों को देखा। इसके बाद उन्होंने छात्रों की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति रोजाना मेस में मौजूद रहकर भोजन तैयार होने की प्रक्रिया पर नजर रखेगी और व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी।
बताया गया कि विद्यापीठ में करीब चार साल तक मेस का संचालन बंद था। इसी सत्र में इसे दोबारा शुरू किया गया और करीब एक महीने पहले छात्रों को मेस में भोजन मिलना शुरू हुआ। इतने कम समय में खाने में कीड़ा मिलने की शिकायत से मेस की व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। अब छात्र समिति के जरिए सब्जी काटने, चावल पकाने और भोजन तैयार करने तक की प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी।


