एयर शो को व्यापारियों का पूर्ण समर्थन, रूट डायवर्जन से नुकसान पर जिला प्रशासन के खिलाफ जताया रोष

वाराणसी। काशी में पहली बार आयोजित एयर शो और भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम का संयुक्त व्यापार मंडल ने स्वागत करते हुए आयोजन को पूर्ण समर्थन दिया है। हालांकि, एयर शो के दौरान जिला प्रशासन की ओर से लागू किए गए रूट डायवर्जन और जगह-जगह प्रतिबंधों को लेकर व्यापारियों ने कड़ी नाराजगी जताई है। शुक्रवार को संयुक्त व्यापार मंडल के तत्वावधान में हुई ऑनलाइन बैठक में व्यापारिक संगठनों को विश्वास में लिए बिना निर्णय लेने पर आपत्ति दर्ज कराई गई और प्रशासन के रवैये के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।व्यापारी प्रतिनिधियों का कहना है कि रूट डायवर्जन और आवागमन पर प्रतिबंधों के कारण शहर के प्रमुख बाजारों में पिछले तीन दिनों से अघोषित बंदी जैसे हालात बने हुए हैं। माल की आपूर्ति बाधित होने के साथ ही ग्राहकों और कर्मचारियों को बाजार तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। इससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने सवाल उठाया कि इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा।

बैठक में व्यापारियों ने जिला प्रशासन पर मनमाने और एकतरफा निर्णय लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि इतने बड़े आयोजन से पहले व्यापारिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित किया जाना चाहिए था। व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।बैठक के दौरान व्यापारिक नुकसान से नाराज प्रतिनिधियों के बीच एक बार फिर बनारस बंद कराने का सुझाव भी सामने आया। हालांकि, राष्ट्रहित और भारतीय सेना के प्रति सम्मान को प्राथमिकता देते हुए इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध एयर शो या भारतीय सेना के शौर्य से नहीं, बल्कि स्थानीय जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली से है।ऑनलाइन बैठक में उद्योग व्यापार मंडल, वाराणसी नगर उद्योग व्यापार मंडल, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, महानगर उद्योग व्यापार समिति, बनारस व्यापार मंडल, काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल और पूर्वांचल व्यापार मंडल सहित शहर के प्रमुख व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

इस अवसर पर शिवकुमार गुप्ता, अजीत सिंह बग्गा, राकेश जैन, प्रमोद अग्रहरी, राजकुमार शर्मा, सनी जोहर, पूर्वांचल महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सविता सिंह, उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शिवम सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष बृजेश केसरी, संस्थापक दशरथ केसरी, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजीत जायसवाल, प्रदेश महामंत्री मनीष ठाकुर, वीरेंद्र गुप्ता, युवा प्रदेश महामंत्री प्रदीप अग्रहरि, महिला प्रदेश अध्यक्ष आरती देवी पटेल, महिला जिला अध्यक्ष राधिका तिवारी, जिला अध्यक्ष शुभम सिंह और युवा जिला अध्यक्ष अमन गुप्ता सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि शामिल रहे।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post