कैंटोनमेंट के सेंट मेरीज स्कूल में दिखा संदिग्ध जानवर, तेंदुए की आशंका से मचा हड़कंप

वाराणसी के कैंटोनमेंट स्थित सेंट मेरीज स्कूल में CCTV फुटेज में संदिग्ध जानवर दिखाई देने के बाद वन विभाग ने परिसर में तलाशी अभियान चलाया। बुधवार देर रात करीब 3 बजे कैमरे में एक जानवर घूमता नजर आया था। उसका आकार तेंदुए जैसा लगने पर स्कूल प्रबंधन ने गुरुवार सुबह पुलिस, प्रशासन और वन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना के बाद आसपास के क्षेत्र में भी सतर्कता बढ़ा दी गई।

वन क्षेत्राधिकारी संजय कुमार सिंह की अगुवाई में पहुंची टीम ने स्कूल परिसर के कोने-कोने की जांच की। झाड़ियों और पेड़ों के आसपास भी जानवर की तलाश की गई, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी कुछ पता नहीं चला। अधिकारियों के मुताबिक, CCTV फुटेज स्पष्ट नहीं है। शुरुआती आकलन में जानवर के फिशिंग कैट होने की संभावना जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के दौरान स्कूल बंद था और बच्चे परिसर में नहीं थे। संदिग्ध जानवर की खबर से आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सावधानी बरतने की बात कही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कैमरे में वास्तव में कौन-सा जानवर दिखाई दिया था।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post