वाराणसी के पड़ाव क्षेत्र में मंगलवार सुबह बिजली के कटे तार की चपेट में आने से 35 वर्षीय वाहन चालक विष्णु साहनी की मौत हो गई। हादसा सुजाबाद बंधा रोड स्थित खोरा बीर बाबा मंदिर के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विष्णु सड़क किनारे खड़ी अपनी गाड़ी को स्टार्ट करने पहुंचे थे। इसी दौरान गाड़ी बिजली के कटे तार के संपर्क में आ गई, जिससे वाहन में करंट उतर गया। विष्णु इसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी।
विष्णु की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से पत्नी और दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। स्थानीय लोगों ने बिजली के खुले और कटे तारों को लेकर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार विभाग से ऐसे तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।


