वाराणसी के रामघाट पर विजयादशमी के अवसर पर नमामि गंगे की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम की तस्वीर और तिरंगा लेकर मां गंगा की आरती की गई। अभियान के जरिए लोगों को गंगा घाटों को साफ रखने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने लोगों से सफाई को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
राजेश शुक्ला ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने जीवन से गंदगी और नकारात्मक सोच को दूर करने की भी प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का मतलब केवल कचरा हटाना नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाना और समाज को बेहतर बनाने में योगदान देना भी है।


