वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र में सड़कों पर गड्ढों और उनमें जमा गंदे पानी की समस्या को लेकर गुरुवार को पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमार गुप्ता ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने रथयात्रा रोड पर सड़क के गड्ढे में भरे पानी के बीच बैठकर मछली पकड़ने का कांटा लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सड़क, नाली और सीवर की समस्या दूर करने की मांग उठाई।
राजकुमार गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं और जगह-जगह गड्ढों में गंदा पानी जमा रहता है। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग कई बार अधिकारियों से सड़क निर्माण, नालियों की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था सुधारने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सड़क और नाला निर्माण, सीवर की सफाई तथा कूड़ा उठाने की व्यवस्था को लेकर सरकार और संबंधित विभागों के खिलाफ नारेबाजी की। गुप्ता ने कहा कि राजातालाब की स्थिति बेहद चिंताजनक है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

