वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे-19 पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे भदोही जिले के बाबूसराय निवासी ओमप्रकाश बिंद (42) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे अखिलेश कुमार को मामूली चोटें आईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओमप्रकाश डंपर में फंस गए और करीब 100 मीटर तक घिसटते चले गए। इस दौरान उनका एक पैर शरीर से कटकर करीब 50 मीटर दूर सड़क पर जा गिरा।
जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश और अखिलेश वाराणसी में दीवारों पर वॉलपेपर लगाने का काम करते थे। बुधवार देर रात काम खत्म कर दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव (बंगलाचट्टी) के पास वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक अनियंत्रित होकर दूर जा गिरी, जबकि ओमप्रकाश डंपर में फंस गए। चालक वाहन लेकर प्रयागराज की तरफ फरार हो गया। पीछे बैठे अखिलेश ने बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। युवक की दर्दनाक मौत से आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब 40 मिनट तक यातायात बाधित रहा और लगभग एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। करीब एक घंटे बाद मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं।

