काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS-BHU) का 66वां वार्षिक दिवस समारोह 19 नवंबर को स्वतंत्रता भवन में आयोजित होगा। दोपहर तीन बजे से होने वाले इस समारोह से पहले 18 और 19 नवंबर को दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न गतिविधियां संचालित होंगी।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए IMS-BHU के निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार ने बताया कि दोनों आयोजनों में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वार्षिक दिवस समारोह में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड के प्रो. एम.के. रमेश, राष्ट्रीय दंत आयोग के अध्यक्ष प्रो. संजय तिवारी, चौधरी ब्रह्मप्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान, नई दिल्ली के पूर्व निदेशक प्रो. हरि मोहन चंदोला तथा एम्स नई दिल्ली के प्रो. संजय राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
स्वास्थ्य मेला 18 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक और 19 नवंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक IMS के न्यू लेक्चर थिएटर एवं के.एन. उडुपा ऑडिटोरियम परिसर में आयोजित होगा। वहीं, कार्यक्रम के संयोजक प्रो. टी.पी. चतुर्वेदी, प्रो. बी. राम और प्रो. एस.के. भारतीय ने बताया कि समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा संस्थान से सेवानिवृत्त हो रहे 43 कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें छह शिक्षक और 37 गैर-शिक्षण कर्मचारी शामिल हैं।
संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इस वर्ष 60 बाहरी अनुसंधान परियोजनाओं के लिए 97.7 करोड़ रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत हुई है। संस्थान के शोधार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने 801 शोध पत्र प्रकाशित किए, 36 सम्मेलन आयोजित किए और 41 आउटरीच कार्यक्रम संचालित किए। इसके साथ ही विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों एवं अस्पतालों के साथ पांच समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।
समारोह में खेलकूद, साहित्यिक एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। वार्षिक दिवस समारोह के माध्यम से संस्थान अपनी शैक्षणिक, शोध एवं संस्थागत उपलब्धियों का उत्सव मनाएगा।

.jpg)