जैतपुरा की प्रसिद्ध ऐतिहासिक नक्कटैया धूमधाम और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुई। श्री आदर्श प्राचीन रामलीला समिति जैतपुरा के तत्वावधान में निकली भव्य शोभायात्रा में छोटी-बड़ी आकर्षक झांकियों और लाग-विमानों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों और तलवारबाजी करते बच्चों ने आयोजन में विशेष आकर्षण जोड़ा।
शोभायात्रा का शुभारंभ रामकटोरा से अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज मद्धेशिया ने किया। जुलूस में सबसे आगे खरदूषण और शूर्पणखा का स्वरूप धारण किए लोक कलाकार चल रहे थे। उनके पीछे आकर्षक झांकियां और लाग-विमान शामिल रहे। मां काली और दुर्गा के स्वरूप में कलाकार बच्चों की तलवारबाजी देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
शोभायात्रा रामकटोरा से पिपलानी कटरा, कबीरचौरा, लोहटिया, डीएवी कॉलेज, औसानगंज, डिगिया, जैतपुरा और छहमुहानी होते हुए छोहरा स्थित लीला स्थल पहुंची। यहां खरदूषण वध की लीला के साथ नक्कटैया का समापन हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहा। एसीपी भेलूपुर, एसीपी कोतवाली, इंस्पेक्टर रामनगर और जैतपुरा थानाध्यक्ष सहित पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। शोभायात्रा के साथ बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे। पुलिस की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के चलते आयोजन शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष सुमित मद्धेशिया, विजय जायसवाल, राजेश सेठ, प्रमोद यादव, जयशंकर गुप्ता और डॉ. अजय जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने आयोजन के साथ पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी की भी सराहना की।


