देव दीपावली पर शिव भजनों की धुन पर होगी आतिशबाजी, गंगा की लहरों पर दिखेगा रंगीन रोशनी का प्रतिबिंब

देव दीपावली पर इस बार काशी के घाटों के साथ गंगा पार रेती भी रोशनी और रंगों से जगमगाएगी। 24 नवंबर को श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने गंगा पार रेती पर 10 मिनट का विशेष आतिशबाजी शो आयोजित किया जाएगा। रात 8:30 से 8:40 बजे तक होने वाले इस आयोजन में आधुनिक तकनीक से तैयार आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा, जो गंगा की लहरों पर भी अपना प्रतिबिंब दिखाएगा।


इस बार आतिशबाजी को शिव भजनों के साथ खास अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। 'हर-हर महादेव शंभू', 'डमरू बजाया भोलेनाथ ने', 'शिव तांडव स्तोत्रम', 'मेरा भोला है भंडारी' और 'महाकाल' समेत 9 से 10 शिव भजनों की धुन पर आसमान में रंगीन आकृतियां उभरेंगी। संगीत और आतिशबाजी के तालमेल से दर्शकों को अलग-अलग रंगों और डिजाइनों का नजारा देखने को मिलेगा। आयोजन में पहली बार 8 इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स का इस्तेमाल किया जाएगा, जिनके गोले करीब 500 से 600 फीट की ऊंचाई तक जाएंगे।


आतिशबाजी का फैलाव जमीन से करीब 1200 फीट और आसमान में 1600 से 1800 फीट तक होगा। माल्टा की आतिशबाजी से प्रेरित विशेष डिजाइन में ज्यामितीय आकृतियां और कई रंगों के पैटर्न दिखाई देंगे। ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स को प्रदूषण रहित बताया गया है। एक तरफ काशी के घाटों पर लाखों दीपों की कतारें और गंगा आरती होगी, तो दूसरी तरफ गंगा पार रेती पर संगीत, रंगीन आतिशबाजी और लेजर लाइट का संगम देव दीपावली के उत्सव को खास बनाएगा।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post