वाराणसी में 10 साल के बच्चे की किडनैपिंग के बाद हत्या कर दी गई। मामला जैतपुरा थाना क्षेत्र के लधनपुरा का है। शनिवार रात आठ बजे घर के सामने खेलते समय बच्चे का अपहरण हो गया। अपहरण के कुछ देर बाद परिजनों के पास फोन भी आया। फोन करने वाले ने बच्चा उसके कब्जे में होने की बात कही। परिजनों ने थाने जाकर केस दर्ज कराया, जिसके थोड़ी देर बाद बच्चे का शव रामनगर के पास बालू में दबा मिला। शव मिलने की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
कॉल करने वाला बोला- बच्चा भेज रहा हूं, लेकिन नहीं आया
शनिवार रात लधनपुरा निवासी हफीजुर्रहमान का बेटा मोहम्मद अनस घर के बाहर खेल रहा था। परिजन भी बाहर थे, लेकिन अचानक अंदर चले गए। जब बाहर आए तो अनस नहीं दिखा। घर के लोग उसे ढूंढने लगे। तब तक एक अनजान नंबर से फोन आया। उसने कहा कि अनस मेरे पास है। इसे घर भेज रहा हूं। इसके बाद न बच्चे का पता चला। ना उस फोन करने वाले का।
अपहरण में दोस्तों की साजिश का शक
फोन करने वाले का भी नंबर स्विच ऑफ हो गया। रात भर बच्चा नहीं लौटा तो हफीजुर्रहमान जैतपुरा थाने पहुंचे। अपहरण की FIR दर्ज कराई। पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी तो रविवार दोपहर एक बजे रामनगर थाना क्षेत्र से एक शव मिलने की सूचना आई। मौके पर जाकर देखा गया तो बालक का शव बालू में दबा था। पुलिस ने आनन फानन में शव निकलवाया। परिजनों को शिनाख्त के लिए सूचना दी। सूत्रों की मानें तो अनस के अपहरण में उसके दोस्तों का हाथ हैं। बाद में पुलिस तक मामला पहुंचने पर घबराकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस निकलवा रही डीसीआर
डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने जैतपुरा एसओ मथुरा राय को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मथुरा राय का कहना है कि अपहरण के केस में आगे की धाराओं को बढ़ाया जाएगा। किसी तरह की फिरौती का फोन भी नहीं आया। हम आस-पास के सीसीटीवी फुटेज और जिस नंबर से काल आई थी, उसकी सीडीआर निकलवा रहे हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
