काशी हिंदू विश्वविद्यालय में फिर से विवाद बढ़ गया है। देर शाम छात्र BHU के मेन गेट को बंद कर विरोध और धरना-प्रदर्शन करने लगे। हॉस्टल आवंटन की मांग को लेकर बीते दो दिन से कुलपति आवास के सामने धरने बैठे छात्रों ने पूरा मार्ग ही अवरूद्ध कर दिया। अभी तक केवल कुलपति आवास और गेस्ट हाउस का रास्ता बंद था। अब अंदर आने और बाहर के साथ ही अस्पताल जाने का पूरा रास्ता ही बंद हो गया।
छात्रों ने विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। इन छात्रों की मांग है कि उनके साथी को पुनः हास्टल आवंटित कराया जाए। BHU में कुलपति आवास के बाहर LLB का छात्र अवधेश कुमार पांडेय अपने साथियों के साथ 4 दिनों से धरने पर बैठा है। इनका आरोप है कि भगवान दास छात्रावास के वार्डेन ने निराधार कारण बता कर छात्रावास का आवंटन निरस्त कर दिया है। छात्र अवधेश का कहना है कि पिछले 7 महीने से कुलपति सहित विभिन्न अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया। लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। जिसके बाद मजबूरी में उन्हें अपने साथियों के साथ कुलपति आवास और सिंह द्वार के बाहर न्याय की मांग करते हुए धरने पर बैठना पड़ा है।
