निर्जला एकादशी के अवसर पर बाबा भोले की नगरी काशी में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। महंत संतोष दास के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने राजेंद्र प्रसाद घाट से रजत कलश में गंगा जल भरकर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और वसुधैव कुटुंबकम का संकल्प लिया। कलश शोभायात्रा राजेंद्र प्रसाद घाट से गोदौलिया, बांसफाट होते हुए ज्ञानवापी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंची। जहां विधिवत बाबा का जलाभिषेक किया गया इस दौरान महंत संतोष दास ने कहा कि काशी में यह परंपरा हजारों वर्षों से चली आ रही है।
निर्जला एकादशी के दिन काशी में निवास व भोलेनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक करने का विशेष महत्व है। इसलिए ज्येष्ठ मास की निर्जला एकादशी के पावन दिवस पर करोड़ों हिन्दू लोकायत देवता नटराज जी के जलप्रिय स्वरूप श्री काशी विश्वनाथ जी का जलाभिषेक करते हैं। यात्रा के दौरान रास्ते भर मारवाड़ी युवक संघ ने जल का छिड़काव किया। ताकि नंगे पांव चल रहे लोगों को राहत रहे। वहीं पुष्प वर्षा बाल सखा परिषद् ने की। इस दौरान अमरकांत, विनोद लोहिया, केशव जालान, उमाशंकर अग्रवाल, निधि देव अग्रवाल, जगदम्बा तुलस्यान आदि लोग उपस्थित रहे।
