भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय संचार राज्यमंत्री ने की शिरकत

भारतीय डाक विभाग द्वारा "महिला सशक्तिकरण उत्सव" एवं जीआई उत्पादों पर "विशेष आवरण व विरूपण" विमोचन कार्यक्रम का आयोजन काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के महामना सभागार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान ने भौगोलिक संकेतक प्राप्त बनारसी पान (पत्ता), बनारसी लंगडा आम, रामनगर का भंटा और चन्दौली के आदमचीनी चावल पर विशेष आवरण व विरूपण का विमोचन किया। वहीं सुकन्या समृद्धि योजना और महिला सम्मान बचत पत्र की लाभार्थियों को कैण्ट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल बी. सेल्वकुमार, पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव के साथ पासबुक वितरित करते हुए सशक्त नारी-समृद्ध समाज का आह्वान किया। 

केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान ने अपने सम्बोधन में कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनकल्याणकारी योजनाओं में सदैव महिलाओं को प्राथमिकता दी है। डाक विभाग की भूमिका में निरंतर सकारात्मक परिवर्तन हो रहे हैं। नारी शक्ति के भविष्य को सुनिश्चित करने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  की 'सुकन्या समृद्धि योजना' और आजादी के अमृत काल में आरम्भ 'महिला सम्मान बचत पत्र' योजना डाक विभाग के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाई जा रही हैं। अप्रैल 2023 में आरंभ महिला सम्मान बचत पत्र में डेढ़ माह के अंदर वाराणसी क्षेत्र में 3 हजार से ज्यादा महिलाओं ने 19 करोड़ रुपए से ज्यादा निवेश किए हैं, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। डिजिटल इण्डिया और वित्तीय समावेशन की संकल्पना से समाज के अंतिम व्यक्ति को जोड़ने हेतु डाक घर आज चलते-फिरते बैंक की भूमिका निभा रहे हैं। डाक विभाग की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि घर-घर अभियान चलाकर जिस तरह से तमाम योजनाओं से बेटियों, महिलाओं, किसानों, युवाओं इत्यादि को जोड़ा जा रहा है, वह प्रशंसनीय है। केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान ने कहा कि काशी अपनी आध्यत्मिकता, समृद्ध संस्कृति, विरासत, खानपान जैसी तमाम परम्पराओं को सहेजते हुए सदैव से समाज व देश को एक नई दिशा दे रहा है। यहाँ से जुड़ी तमाम अनूठी चीजों को भौगोलिक संकेतक प्राप्त हुए हैं। डाक विभाग इन पर विशेष आवरण और विरूपण जारी करते हुए इन्हें देश-दुनिया में पहुँचाने का कार्य कर रहा है। इस अवसर पर बीएसएनएल, उप्र पूर्वी के मुख्य महाप्रबंधक राजीव जौहरी, अपर महानिदेशक टेलीकॉम आरकेएम श्रीवास्तव, उपमहानिदेशक संजीव शर्मा, प्रवर डाक अधीक्षक राजन, डाक अधीक्षक हेमंत सहित तमाम अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post