तीसरे खेलो इंडियन यूनिवर्सिटी गेम्स का वाराणसी में समापन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी परिसर में एक सादगी भरे समापन समारोह के साथ हुआ। हालांकि उत्तर प्रदेश सरकार की इच्छा थी कि इन खेलों के समापन समारोह का भव्य आयोजन किया जाये लेकिन ओडिशा में रेल दुर्घटना त्रासदी के चलते उत्तर प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया कि इस आयोजन को सादगी के साथ किया जाये ताकि इन खेलों मे प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों का मनोबल बढे। इस समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर ओडिशा में रेल दुर्घटना त्रासदी के पीड़ितों को राज्य की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर केंद्रीय युवा मामले और खेल सूचन प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में पीड़ितों के प्रति शोक भी व्यक्त किया। इस अवसर पर ओडिशा में रेल दुर्घटना त्रासदी में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।खेलो के इस महाकुंभ में पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ को 26 स्वर्ण, 17 रजत और 26 कांस्य पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन की ट्राफी मिली। वहीं गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर को इस खेल महाकुंभ की उपविजेता ट्राफी मिली जिसने 24 स्वर्ण, 27 रजत, 17 कांस्य हासिल किए। इसी के साथ जैन यूनिवर्सिटी, कर्नाटक को 16 स्वर्ण, 10 रजत, 6 कांस्य के साथ तीसरा स्थान मिला जिन्हें ट्राफियां प्रदान कर सम्मानित किया गया।सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत में ओडिशा रेल त्रासदी में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहली बार हुए इन खेलों में 200 से ज्यादा विश्वविद्यालयों के 4000 से ज्यादा खिलाड़ियों ने अपने कौशल व सामर्थ्य का प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलों में देश को महाशक्ति बनाने के संकल्प को खेलो इंडिया अभियान के माध्यम से गति दी। इस अवसर पर उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों में निशीथ प्रमाणिक केंद्रीय राज्य मंत्री, गृह मंत्रालय और केंद्रीय राज्य मंत्री, युवा मामले और खेल मंत्रालय), गिरीश चंद्र यादव राज्य मंत्री-स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण, उत्तर प्रदेश सरकार) सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद थे।
