अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर काशी विश्वनाथ धाम में लगी योग की पाठशाला

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में योग की पाठशाला लगी। प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्रा, महापौर अशोक तिवारी, डीएम एस राजलिंगम समेत विशिष्टजनों के साथ युवाओं, बच्चों व बुजुर्गों ने योगाभ्यास किया। सूर्य नमस्कार से योग दिवस की शुरूआत हुई। 

योगेश्वर बाबा विश्वनाथ के प्रांगण से पूरी दुनिया को योग की बदौलत निरोग रहने का संदेश दिया।आयुष मंत्री ने कहा कि योगेश्वर भगवान शंकर के पावन प्रांगण में लोग योग कर रहे हैं। इससे अधिक सौभाग्य का दिन और कोई नहीं हो सकता है। इस बार नवम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। नौ वर्षों के शानदार ऐतिहासिक सफर के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई। उनकी प्रेरणा से पूरे विश्व में योग फैला है। बाबा विश्वनाथ के प्रांगण से पूरे विश्व में योग की अलख जगी है। अब सिर्फ 21 जून को योग नहीं, बल्कि लोगों ने इसे अपनी जीवनशैली में शामिल कर लिया है।  

महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र से पूरे विश्व में योग का संदेश देने का काम किया जा रहा है। लोगों के जीवन में योग का महत्वपूर्ण योगदान है।जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम के साथ ही घाटों व गांवों में स्थित स्कूलों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास किया जा रहा है।


Post a Comment

Previous Post Next Post