'लोकमाता' अहिल्याबाई होल्कर के त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को इंदौर की महारानी अहिल्याबाई होल्कर को समर्पित अहिल्याबाई घाट पर भारतीय जनता पार्टी ने मां गंगा की विराट आरती उतारी। इस अवसर पर उपस्थित भाजपाजनों ने महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी के नेतृत्व में रानी अहिल्याबाई की तस्वीर लेकर वेदपाठी बटुकों के स्वस्तिवाचन के बीच मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया। सनातन धर्म के उत्थान में देवी अहिल्याबाई के योगदान का स्मरण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में आरती और दुग्धाभिषेक के पूर्व अहिल्याबाई घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया । भाजपा महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर संपूर्ण राष्ट्र का गौरव हैं। उस विशाल और विराट व्यक्तित्व के प्रति भारत की सनातन धर्म की पवित्र परंपरा ने उन्हें 'पुण्यश्लोक' के रूप में सादर नमन करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की है। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपाजनों जिनमें प्रमुख रूप से भाजपा महानगर मंत्री दिलीप साहनी, नगर निगम के उपसभापति व पार्षद नरसिंह बाबा, पं० दीनदयाल मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष सारिका गुप्ता, आदि ने पुष्पांजलि अर्पित की।