18 दिन बाद अंतरिक्ष से लौटेंगे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, परिवार में खुशी का माहौल

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से 18 दिन के मिशन के बाद आज पृथ्वी पर लौटने के लिए तैयार हैं। वह Axiom-4 मिशन का हिस्सा थे, जिसने भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है।शुभांशु शुक्ला इस मिशन में अपने तीन साथियों के साथ अंतरिक्ष गए थे और उन्होंने वहां महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोगों और अनुसंधान में भाग लिया। अब उनकी वापसी का क्षण करीब है, और पूरा देश इस ऐतिहासिक पल का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।उनकी वापसी की खबर से उनके परिवार में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है। 

पिता शंभू दयाल शुक्ला ने कहा, "हम बहुत उत्साहित हैं। आज शाम उनकी अनडॉकिंग होगी। हमने भोलेनाथ से प्रार्थना की है कि बेटा और उसके साथी सुरक्षित लौटें। ये हमारे लिए सौभाग्य की बात है।"उन्होंने यह भी कहा, "कभी नहीं सोचा था कि हमारा बेटा अंतरिक्ष तक पहुंचेगा। आज लोग हमें हमारे बेटे के नाम से जानते हैं, इससे बड़ा सम्मान क्या हो सकता है।"मां आशा शुक्ला ने बेटे की सफलता पर भावुक होते हुए कहा, "हम भगवान से यही दुआ करते हैं कि शुभांशु सुरक्षित लौटे और जल्द से जल्द हमसे मिले। हम उनके स्वागत की पूरी तैयारी कर चुके हैं।"शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा और अब उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद ने देशवासियों के दिलों में गर्व और उत्साह भर दिया है। यह मिशन भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक और प्रेरणादायक मील का पत्थर साबित हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post