प्रयागराज के प्रतापपुर से सपा विधायक विजमा यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल किया है कि उनके पति के हत्यारों को कब सजा मिलेगी। विजमा ने कहा कि सीएम कहते हैं माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे, लेकिन मेरे पति जवाहर यादव उर्फ जवाहर पंडित के हत्यारे अब भी खुले घूम रहे हैं। 1996 में AK-47 से हुई हत्या के मामले में उन्हें न्याय अदालतों से मिला, सरकार से नहीं। उन्होंने करवरिया परिवार और उनके रिश्तेदारों को माफिया बताते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें बरी कर दिया।विजमा यादव ने यह भी कहा कि उन्होंने कई बार विधानसभा में अपनी गुहार रखी, लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई।
उनका कहना है कि अगर AK-47 चलाने वाले छूट सकते हैं तो गरीब किसानों और दलितों को भी छोड़ देना चाहिए।उन्होंने समाजवादी पार्टी से निकाली गई विधायक पूजा पाल पर भी निशाना साधा। विजमा ने कहा कि पार्टी ने पूजा पाल को टिकट देकर सम्मान दिया, लेकिन उन्होंने राज्यसभा चुनाव में धोखा देकर बीजेपी का साथ दिया। पार्टी ने उन्हें सुधारने का मौका दिया, लेकिन जब वह नहीं बदलीं तो निकाला गया।विजमा का कहना है कि यूपी में आज भी गुंडागर्दी जारी है और माफिया खत्म नहीं हुए हैं। जब तक उनके पति के हत्यारों को सजा नहीं मिलती, वह न्याय की मांग करती रहेंगी।वहीं, हाल ही में चायल से सपा विधायक पूजा पाल ने सदन में कहा था कि मुख्यमंत्री योगी ने उनके पति राजू पाल के हत्यारों को मिट्टी में मिलाकर न्याय दिलाया।
