प्रयागराज समेत पूरे देश में 1 सितंबर को ‘हमारा विद्यालय-हमारा स्वाभिमान’ अभियान के तहत एक साथ 7 लाख से अधिक स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। यह कार्यक्रम सुबह प्रार्थना सभा के दौरान होगा, जिसमें कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राएं और शिक्षक मिलकर पांच महत्वपूर्ण संकल्प लेंगे।अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रदेश महामंत्री डॉ. संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि इसके लिए संगठन की टीमें स्कूलों में जाकर बच्चों और शिक्षकों को जागरूक कर रही हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ नैतिकता और राष्ट्रीयता को भी बढ़ावा देना है।संकल्प में विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित, हरित और प्रेरणादायक बनाने, विद्यालय की संपत्ति और संसाधनों को राष्ट्रधन मानकर उसका संरक्षण करने, किसी प्रकार के भेदभाव से दूर समानता का वातावरण बनाने, शिक्षा को चरित्र निर्माण और समाज सेवा का साधन मानने जैसी बातें शामिल होंगी।जेडी प्रयागराज मंडल ने भी सभी विद्यालयों को इस अभियान में शामिल होकर छात्रों और शिक्षकों से संकल्प दिलाने के निर्देश जारी किए हैं।
