गोरखपुर में साइबर ठगी के जाल में फंसी युवती ने की आत्महत्या, मां को भेजा आखिरी वीडियो मैसेज

गोरखपुर के गोला क्षेत्र में 22 साल की एक युवती ने 14 अगस्त की शाम फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले उसने मां के नाम एक वीडियो मैसेज रिकॉर्ड किया, जिसमें कहा – “अम्मा! इन्होंने वीडियो बनाकर मुझे बहुत परेशान किया। मैं बुरी तरह फंस गई हूं… अब जीना मुश्किल हो गया है।”घटना के समय युवती की मां दुकान पर थी। घर लौटकर उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांककर देखा तो बेटी फंदे पर लटकी थी। पुलिस ने मोबाइल की जांच की, जिसमें आखिरी वीडियो मैसेज मिला।परिजनों ने बताया कि युवती को अज्ञात लोगों ने फंसाकर अश्लील वीडियो बना लिया था और उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग की जा रही थी।

दबाव में आकर उसने 60 हजार रुपए से ज्यादा भी खातों में भेजे। मोबाइल से कई ऑडियो क्लिप भी मिली हैं, जिनमें आरोपी आधे घंटे में पैसे भेजने की धमकी दे रहे थे।

वीडियो कॉल से धोखा

ऑडियो में युवती कह रही है कि आरोपी उसे झांसे में लेकर पति-पत्नी जैसा रिश्ता जताते रहे और इसी दौरान उसका वीडियो बना लिया। बाद में वही वीडियो दूसरे लोगों को भेजकर भी ब्लैकमेल किया गया।

मौत के बाद भी आते रहे कॉल

आत्महत्या के बाद भी युवती के मोबाइल पर लगातार वॉट्सऐप कॉल आती रहीं। जब परिवार ने कॉल रिसीव की और बताया कि उसने सुसाइड कर लिया है, तो उधर से आरोपी ने फोन काट दिया।युवती के भाई की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि मोबाइल से मिले साक्ष्यों के आधार पर कॉल डिटेल और खातों की जांच कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post