प्रयागराज में एक ठगी का अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने पांचवीं बार शादी कर पति को लाखों के गहनों से चूना लगा दिया। पीड़ित मन्नू लाल, मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी हैं और सत्र न्यायालय में संविदा कर्मचारी के रूप में काम करते हैं। उनकी पहली पत्नी का निधन 2022 में हुआ था।गांव के परिचित मुकेश की सलाह पर उन्होंने दूसरी शादी का फैसला लिया। प्रयागराज में दारागंज के धीरज के जरिए उनकी मुलाकात नैनी की रहने वाली गुड्डन से हुई। 18 दिसंबर 2024 को दोनों की कोर्ट मैरिज हुई और आलोपिन देवी मंदिर में रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई। शादी के बाद मन्नू लाल पत्नी को टीकमगढ़ ले गए।
शादी के दूसरे दिन ही गुड्डन ने बीमारी का बहाना बनाकर सुहागरात टाल दी। 21 दिसंबर को वह शॉपिंग के बहाने पति को बैंक भेजकर खुद एक बाइक सवार के साथ भाग गई। घर लौटने पर मन्नू को पता चला कि करीब 6 लाख के गहने गायब हैं। बैंक के सीसीटीवी में वह आरोपी युवक के साथ बाइक से जाते दिखी, जिसने महज 6 मिनट में 7 किलोमीटर की दूरी तय की।जांच में सामने आया कि गुड्डन इससे पहले भी प्रयागराज, आगरा और राजस्थान में चार बार शादी कर पतियों को लूटकर फरार हो चुकी है। मन्नू लाल ने नैनी कोतवाली और टीकमगढ़ पुलिस में शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का आरोप है कि वह एक साल से थानों के चक्कर काट रहे हैं, मगर पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही।
