“हर घर तिरंगा अभियान-2025” के तहत बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को देशभक्ति के रंग में सराबोर भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बरेका इंटर कॉलेज से हुई, जहां प्राचार्य अशोक कुमार माहेश्वरी और विद्यालय समन्वयक धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में छात्रों ने तिरंगा यात्रा निकाली।
रिमझिम बारिश के बीच यह यात्रा बारात घर द्वितीय, शिव काली मंदिर, सूर्य सरोवर, टैगोर पार्क, इंटर कॉलेज मैदान और कुश्ती केंद्र होते हुए वापस कॉलेज पहुंची। “भारत माता की जय” और “झंडा ऊंचा रहे हमारा” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। इसी क्रम में, बरेका रोलर स्पीड स्केटिंग अकादमी के बच्चों ने भी तिरंगा स्केटिंग रैली निकाली, जिसका शुभारंभ संस्थान सचिव आलोक कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में स्केटरों के साथ अभिभावक और संस्थान के अधिकारी भी शामिल हुए। यह रैली “कुंदन” तिराहे पर समाप्त हुई, जहां पुस्तकालय सचिव आनंद राय ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।बरेका परिसर में 14 अगस्त को शाम 5:30 बजे तिरंगा साइकिल और मोटरसाइकिल रैली भी निकाली जाएगी, जिसका शुभारंभ महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह करेंगे।
