हरे कृष्ण हरे राम संकीर्तन सोसाइटी के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का तीन दिवसीय महोत्सव अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी से श्री लड्डू गोपाल जी की भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ।देशभक्ति और भक्ति से सराबोर इस शोभायात्रा में भक्तजन वैष्णव परिधान में 'हरे कृष्ण हरे राम' महामंत्र का कीर्तन करते हुए नाचते-गाते आगे बढ़े। शोभायात्रा में के. एल. मेमोरियल स्कूल के बच्चों ने सामाजिक और धार्मिक संदेशों वाली झांकियों के साथ हिस्सा लिया। भारत माता की झांकी ने सभी का मन मोह लिया।शोभायात्रा का समापन माहेश्वरी भवन महमूरगंज में हुआ, जहाँ श्री श्री राधा गोविंद देव जी, श्री जगन्नाथ देव, श्री बलदेव जी और सुभद्रा महारानी के विग्रहों की स्थापना और आरती की गई।
पहले दिन की संध्या में तुलसी महारानी की आरती और 'हरे कृष्ण' महामंत्र के साथ भावपूर्ण भजन संध्या का आयोजन हुआ। भजनों और नृत्य नाटिका ने वातावरण को बृजधाम की छटा से भर दिया।मीडिया प्रवक्ता ने बताया कि महोत्सव के तहत विशेष कार्यक्रम होंगे। रात 10:30 बजे लड्डू गोपाल जी का पंचामृत अभिषेक, 108 व्यंजनों का भोग और ठीक मध्यरात्रि 12 बजे भगवान की महा आरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।यह तीन दिवसीय आयोजन भक्ति, देशभक्ति और सांस्कृतिक एकता का अनुपम संगम है, जो काशी की धरती पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्यता से स्मरण करा रहा है।
