स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी के बाद राजधानी दिल्ली लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर देखने को मिली। हालात यह हैं कि लखनऊ से दिल्ली जाने वाली सभी प्रमुख ट्रेनें पूरी तरह फुल हो चुकी हैं। लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, कैफियात और गोरखधाम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट सैकड़ों में पहुंच गई है।यात्रियों को उम्मीद थी कि तत्काल कोटे से टिकट मिल जाएगा, लेकिन वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी। कुछ ही मिनटों में वेटिंग का आंकड़ा 200 से ऊपर चला गया।
भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त दबाव कम करने के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। इनमें एक ट्रेन वाराणसी से लखनऊ होकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई, जबकि दूसरी ट्रेन रात 9 बजे लखनऊ से नई दिल्ली के लिए चलाई गई।हालांकि राहत की यह कोशिश भी यात्रियों के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुई। स्पेशल ट्रेनों में भी स्लीपर और एसी क्लास में लंबी वेटिंग लिस्ट बन गई, जिससे तत्काल टिकट की आस लगाए बैठे यात्रियों को मायूसी झेलनी पड़ी।
