मुरादाबाद में एक नामी स्कूल के बस ड्राइवर की हरकतों ने सनसनी फैला दी। ड्रग्स के नशे में धुत ड्राइवर ने पहले स्कूटी से जा रही महिला बैंककर्मी पर अश्लील इशारे किए। जब महिला ने डांटा, तो वह आगबबूला हो गया और भीड़भाड़ वाले इलाके में बस चढ़ा दी। महिला स्कूटी समेत बस के नीचे फंस गई और करीब 100 मीटर तक घसीटी गई। इस दौरान 5-6 राहगीर भी घायल हुए।पीड़ित महिला, पंतनगर निवासी 24 वर्षीय श्रेया सक्सेना, हाल ही में मुरादाबाद की पंजाब नेशनल बैंक शाखा में नियुक्त हुई थीं। हादसे में हेलमेट पहनने की वजह से उनकी जान तो बच गई, लेकिन पैर की एड़ी की हड्डी खत्म हो गई और शरीर में 50 से अधिक टांके आए।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ड्राइवर नितिन कुमार शर्मा को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
मेडिकल रिपोर्ट में उसके ड्रग्स के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।श्रेया ने आरोप लगाया कि शिरडी साईं स्कूल का प्रशासन और एमडी केस वापस लेने के लिए धमका रहे हैं। उनका कहना है कि ड्राइवर के साथ-साथ ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए जो नशेड़ी को स्कूल बस चलाने की जिम्मेदारी देते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
