स्वतंत्रता दिवस एवं जन्माष्टमी का संयुक्त उत्सव आर्य महिला नागरमल मुरारका मॉडल स्कूल, चेतगंज के प्रांगण में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के पश्चात कार्यक्रमों की श्रंखला आरंभ हुई, जिसमें नन्हें-मुन्ने बच्चों से लेकर कक्षा 12वीं तक की छात्राओं ने मंच संभाला और देशभक्ति कृष्ण भक्ति से सराबोर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। दर्शक दीर्घा देशप्रेम और भक्ति-भाव के रंगों से भर उठी।मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. शशिकांत दीक्षित ने उपस्थिति दर्ज कराई।
साथ ही सीईओ डॉ. अनुराग दीक्षित अंजना दीक्षित, प्रो. रचना दूबे, अमूल्य शर्मा, राजेश राय नन्दलाल, डॉ. राजीव रमण और एडवोकेट अशोक राय सहित विद्यालय की कार्यकारिणी के सभी सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से हुआ और प्रत्येक प्रस्तुति पर दर्शकों ने उत्साह के साथ तालियाँ बजाकर प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस संयुक्त उत्सव का उद्देश्य छात्रों में स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों के प्रति सम्मान जगाना और जन्माष्टमी के माध्यम से नैतिक मूल्यों—सत्य, करुणा और कर्तव्य—को व्यवहार में उतारना है। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगीत के साथ ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का संदेश देते हुए सभी ने देश की उन्नति एवं सामाजिक सद्भाव का संकल्प लिया।
