स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, जगतगंज शाखा में बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के उल्लास के साथ समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया। इसके बाद विद्यालय के नौनिहालों ने महापुरुषों के प्रेरणादायक कथन प्रस्तुत किए, वीरों को समर्पित भावपूर्ण कविताएं सुनाईं और देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया।इसी क्रम में प्रयाण गीत, लघु नाटिका और सर्वधर्म समभाव के संदेश से युक्त मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। ‘बाघ यंत्र’ सहित देशभक्ति गीतों ने कार्यक्रम को ऊर्जावान और भावनात्मक बना दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक, पूज्य बाबा प्रकाशध्यानंद जी ने बच्चों को स्वतंत्रता का सही अर्थ समझाते हुए कहा कि हमें जितनी आवश्यकता स्वतंत्रता प्राप्त करने की है, उससे कहीं अधिक आवश्यकता है इस स्वतंत्रता को संजोकर रखने और देश की गरिमा बनाए रखने की। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यालय इस दिशा में सदैव प्रयासरत रहेगा।प्रधानाचार्य रचना अग्रवाल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए स्वतंत्रता दिवस के प्रति अपने विचार साझा किए और विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया।कार्यक्रम का कुशल संचालन अध्यापिका विजय लक्ष्मी चौबे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यापक सिद्धार्थ वर्मा ने दिया। इस अवसर पर विद्यालय की कोऑर्डिनेटर बीना उपाध्याय, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
