79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली का भव्य आयोजन किया गया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रशासन भवन से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और स्वयं भी साइकिल चलाकर इसका नेतृत्व किया।
रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाना था। बाइक और साइकिलों पर लगे तिरंगे, देशभक्ति के स्टीकर, पोस्टर और बैनर, तथा प्रतिभागियों के चेहरे पर झलकता उत्साह पूरे माहौल को देशप्रेम से सराबोर कर रहा था। जैसे ही रैली आगे बढ़ी, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारे पूरे बरेका परिसर में गूंज उठे।
रैली मार्ग प्रशासन भवन से नाथूपुर गेट, बैंक ऑफ बड़ौदा, बरेका इंटर कॉलेज चौराहा, सूर्य सरोवर, आरपीएफ चेक पोस्ट, कुंदन, सिनेमाहाल रोड, रेलवे आवास क्षेत्रों से होते हुए बरेका गोल्फ क्लब गेट पर समाप्त हुआ। मार्ग के दोनों ओर खड़े अधिकारी, कर्मचारी और आमजन तिरंगा लहराकर रैली का स्वागत कर रहे थे।
महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “तिरंगा रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारे हृदय में बसे राष्ट्रप्रेम की जीवंत अभिव्यक्ति है। हमारा तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, यह हमारी आज़ादी, हमारी अस्मिता और हमारे बलिदानों की अमर गाथा है। हम देश की अखंडता, गरिमा और प्रगति के लिए निरंतर कार्य करेंगे और स्वच्छता, ईमानदारी एवं अनुशासन को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सर्वोत्तम योगदान देंगे।” यह आयोजन बरेका खेल संघ के तत्वावधान में हुआ, जिसमें महाप्रबंधक के साथ प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी प्रशासन लालजी, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी जनार्दन सिंह, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) सुनील कुमार, उप महाप्रबंधक अनुज कटियार, वरिष्ठ खेल अधिकारी बहादुर प्रसाद, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, रेलवे सुरक्षा बल, भारत स्काउट एवं गाइड्स, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड, सिविल डिफेंस सदस्याएं, शिवांशी फिटनेस जोन और आमजन शामिल हुए।


