प्रयागराज के मऊआइमा इलाके में ज्वेलर अमन सोनी की हत्या के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी देवदत्त पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले शिवम पटेल पकड़ा जा चुका था। अब मुख्य आरोपी प्रेम पटेल की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।पुलिस पूछताछ में शिवम और देवदत्त ने बताया कि प्रेम पटेल ने अमन को मिलने बुलाया था। विवाद की वजह गहनों की चोरी और पैसों का लेन-देन बताया जा रहा है। दरअसल, कुछ महीने पहले अमन की दुकान से करीब 45 हजार रुपए के गहने चोरी हुए थे, जिसमें शक प्रेम पर गया था। उसने 15 हजार वापस कर दिए थे, लेकिन 39 हजार रुपए बाकी थे। इसी रकम को लेकर अमन और प्रेम के बीच तनाव चल रहा था।
रविवार दोपहर प्रेम पटेल ने अमन को फोन कर गहनों का ऑर्डर देने के बहाने बुलाया। जब अमन वहां पहुंचा तो प्रेम, शिवम और देवदत्त ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। हमलावरों ने शव को नहर में फेंक दिया।इसी दौरान अमन के मामा अनिल सोनी वहां पहुंचे और वारदात देख ली। लोगों ने पीछा कर शिवम पटेल को पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।वारदात के बाद ग्रामीण और परिजन हाईवे पर उतर आए और जाम लगा दिया। उनका कहना था कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते, वे शांत नहीं बैठेंगे।अमन सोनी (25) बहादुरपुर होलागढ़ निवासी अजय कुमार सोनी का इकलौता बेटा था। वह मऊआइमा के कंचनपुर गांव में रहकर ज्वेलर्स का काम करता था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी।पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मुख्य आरोपी प्रेम पटेल की तलाश जारी है।
