लखनऊ, नोएडा समेत उत्तर प्रदेश के 10 शहरों में रुक-रुककर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। लखनऊ में KGMU ट्रॉमा सेंटर और विधानसभा परिसर में पानी भर गया, वहीं गोमती नगर में एक कार सड़क पर डूब गई। भारी बारिश के चलते आज कक्षा 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। अलीगंज इलाके में 15 फीट सड़क धंसने की घटना भी सामने आई।हाथरस में सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया है और मोहल्लों में घुटनों तक पानी भर गया है। हरदोई में एसडीएम आवास परिसर में पानी घुस गया, जबकि संभल में गंगा का जलस्तर बढ़ने से चिरवारी गांव के पास गंगा बांध कट गया, जिससे 20 गांव पानी में घिर गए और सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद हो गई।
पिछले एक महीने से जारी बारिश ने 11 जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है और 500 से अधिक गांव डूब चुके हैं। कई गांवों में लोगों को साफ पानी के लिए 2 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।मौसम विभाग ने आज 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बुधवार को प्रयागराज, गोरखपुर, बस्ती और जालौन समेत कई जिलों में झमाझम बारिश से जलभराव की समस्या और बढ़ गई।
