वाराणसी में छात्र युवा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को एक अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए वरुणा नदी किनारे केंद्रीय चुनाव आयोग के लिए तांत्रिक हवन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर भारतीय जनता पार्टी का “बुरा साया” सवार है और वह निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है। उनका कहना है कि आयोग का रवैया पूरी तरह पक्षपातपूर्ण है और वह बीजेपी को हर संभव तरीके से लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।छात्र युवा सपा नेता जीशान अंसारी ने कहा कि यह तांत्रिक पूजा इसलिए की गई ताकि चुनाव आयोग किसी के इशारे पर काम न करे और बीजेपी का “पालतू” न बने।
उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी पहले ही 18,000 एफिडेविट चुनाव आयोग को सौंप चुकी है, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।वहीं, सपा कार्यकर्ता शुभम सेठ ने आरोप लगाया कि बीजेपी का “भूत” आयोग पर बेताल बनकर सवार है, जिसे उतारने के लिए यह महायज्ञ किया गया है। कार्यकर्ताओं ने यज्ञ-कुंड के सामने मंत्रोच्चार कर आहुतियां दीं और कहा कि इस प्रतीकात्मक विरोध का उद्देश्य चुनाव आयोग को निष्पक्ष बनाने का संदेश देना है।कार्यक्रम में कई छात्र-युवा सपा कार्यकर्ता शामिल हुए और “निष्पक्ष चुनाव” से जुड़े नारे भी लगाए। आयोजन के दौरान पोस्टर और प्लेकार्ड के जरिए भी आयोग से निष्पक्षता की अपील की गई।
