वाराणसी नगर निगम ने पालतू कुत्तों के मालिकों के लिए नए सख्त नियम लागू किए हैं। अब यदि किसी घर में पालतू कुत्ता पाया गया और उसका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ, तो मालिक पर जुर्माना लगाया जाएगा और कुत्ते को जब्त भी किया जा सकता है। नगर निगम क्षेत्र के लोग अपने पालतू कुत्ते का पंजीकरण स्मार्ट काशी एप के जरिए कर सकते हैं।पशु कल्याण अधिकारी संतोष पाल के अनुसार, नगर निगम के 100 वार्डों में टीम तैनात है, जो लोगों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के बारे में जागरूक कर रही है और मौके पर ही पंजीकरण कर रही है। अब तक 250 घरों की जांच में 36 घरों में पालतू कुत्ता मिला, लेकिन सिर्फ 4 का ही रजिस्ट्रेशन था।
मौके पर ही 32 कुत्तों का पंजीकरण और मेडिकल चेकअप किया गया।नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने अपील की है कि पालतू कुत्ता रखने वाले लोग जल्द से जल्द स्मार्ट काशी एप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन कराएं, ताकि टीकाकरण और अन्य पशु कल्याण सेवाएं समय पर मिल सकें।
