योगी सरकार ने अपना वादा समय से पहले पूरा कर दिखाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में ही 56 लाख गरीब बुजुर्गों के बैंक खातों में प्रतिमाह एक हज़ार रुपये की पेंशन राशि भेज दी गई है।राज्य सरकार ने इस वित्त वर्ष के लिए वृद्धावस्था पेंशन योजना में 61 लाख लाभार्थियों का लक्ष्य तय किया था, जिसे पहले ही हासिल कर लिया गया है। अब सरकार ने अपना नया लक्ष्य 67 लाख 50 हजार बुजुर्गों तक पेंशन पहुंचाने का रखा है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में समाज कल्याण विभाग ने इस योजना की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बना दिया है। पेंशन की राशि सीधे आधार से जुड़े लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे बीच के बिचौलियों और देरी दोनों से बचा जा सके।
वृद्धावस्था पेंशन योजना सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक अहम योजना है, जिसके तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।वर्ष 2017 में जब इस योजना का विस्तार शुरू हुआ, तब लाभार्थियों की संख्या 37 लाख 47 हज़ार थी, जो आज बढ़कर 67 लाख 50 हज़ार के लक्ष्य तक पहुंच गई है। यह बढ़ोतरी सरकार की सक्रियता और जमीनी स्तर पर चलाए गए सर्वे का नतीजा है, जिसमें विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर पात्र बुजुर्गों की पहचान की गई।सरकार का कहना है कि इस फैसले से न सिर्फ बुजुर्गों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सुधार आएगा, और यह प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।"
