प्रयागराज स्थित उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (UPRTOU) ने राज्यभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए विशेष योजना शुरू की है। अब प्रदेश की करीब 1.89 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के किसी भी केंद्र से बाल विकास एवं पोषण में डिप्लोमा कोर्स पूरी तरह मुफ्त कर सकेंगी।कुलपति प्रो. सत्यकाम ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को उच्च शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। इसके लिए इंटर कॉलेजों, पंचायतों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
साथ ही माध्यमिक शिक्षा परिषद से एमओयू कर इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राओं के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक महिलाओं तक यह सुविधा पहुंचाई जा सके।प्रो. सत्यकाम ने कहा कि शिक्षा ही महिलाओं को सक्षम बनाती है। हाल ही में ग्रेटर नोएडा में दहेज के कारण एक लड़की की हत्या का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि बेटियां शिक्षित और आत्मनिर्भर होंगी तो ऐसे हादसे रुक सकते हैं। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि बेटियों को पराया धन न मानें, उनकी शादी ही जीवन का लक्ष्य न समझें, बल्कि उन्हें पढ़ा-लिखाकर मजबूत बनाएं।विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रदेश की हर इंटर पास महिला इस पहल का लाभ लेकर अपने जीवन और करियर को आगे बढ़ा सके।
