नैनी क्षेत्र के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली कक्षा 12 की छात्रा निशिता (17) अपने केमिस्ट्री शिक्षक की धमकियों से मानसिक तनाव में आ गई। आरोप है कि शिक्षक मनीष क्लास में उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और कहते हैं, "कोचिंग नहीं करोगी तो फेल कर दूंगा। ऑनलाइन पढ़ाई से कुछ नहीं होगा। जिससे शिकायत करनी है कर दो, मुझे फर्क नहीं पड़ता।"छात्रा के पिता राजेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि 21 अगस्त को स्कूल से लौटने के बाद बेटी गुमसुम रहने लगी और अचानक बेहोश हो गई। अगले दिन उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों और परिवार के पूछने पर उसने शिक्षक की धमकियों का जिक्र किया और बार-बार बेहोश हो रही थी।छात्रा का कहना है कि मनीष सर क्लास में मुश्किल सवाल पूछकर सबके सामने उसे नीचा दिखाते हैं और डराते हैं कि बोर्ड में पास नहीं होने देंगे। परिवार ने अस्पताल में उसे समझाया कि बोर्ड की परीक्षा शिक्षक के हाथ में नहीं होती, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।फिलहाल छात्रा का इलाज चल रहा है और परिवार चाहता है कि स्कूल प्रशासन इस मामले पर कार्रवाई करे।
