वाराणसी के मुर्दहा धरमलपुर में खराब सड़क और जलजमाव के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर की धान की रोपाई

वाराणसी के हरहुआ ब्लॉक के ग्राम सभा मुर्दहा धरमलपुर में  ग्रामीणों ने खराब सड़क और सालभर रहने वाले जलजमाव के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। नाराज ग्रामीण सड़क पर ही धान की रोपाई करने पहुंच गए और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि दशकों से सड़क की हालत बद से बदतर बनी हुई है, लेकिन सरकारी कागजों में विकास के दावे जारी हैं। यहां बारहों महीने पानी भरा रहता है, जिससे आने-जाने में दिक्कत तो होती ही है, साथ ही चारों तरफ गंदगी फैलने से मच्छरों और कीड़े-मकौड़ों का प्रकोप बढ़ जाता है। 

इसी वजह से हर साल गांव में डेंगू, मलेरिया और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे दर्जनों लोग बीमार पड़ते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं, यहां तक कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी मामला दर्ज कराया गया, लेकिन नतीजा सिर्फ आश्वासन तक ही सीमित रहा। स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है और आए दिन कोई न कोई हादसे का शिकार हो जाता है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे खुद चंदा इकट्ठा कर सड़क बनवाएंगे। वहीं, ग्राम प्रधान का कहना है कि फिलहाल बजट नहीं आया है, बजट मिलते ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post