मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में स्वतंत्रता दिवस पर मां विंध्यवासिनी का विशेष तिरंगा श्रृंगार किया गया। धाम परिसर में आस्था और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।इसी अवसर पर उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह धाम पहुंचे और विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, अखंडता और जनकल्याण की कामना की। उनके साथ मौजूद श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों ने भी सामूहिक प्रार्थना की।
धाम पहुंचने पर नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र ने मंत्री का स्वागत किया और उन्हें प्रसाद व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद मंत्री ने मंदिर परिसर स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। पूरे मंदिर में मंत्रोच्चार और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि ने भक्तिमय वातावरण बना दिया।सरकार ने विंध्याचल धाम को विश्वस्तरीय आस्था केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। स्वतंत्रता दिवस पर धाम में उमड़े श्रद्धालुओं ने भी देश की शांति, अखंडता और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
