लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर सुबह बड़ा हादसा हो गया। पूर्वांचल ढाल पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 70 वर्षीय राम सनेही करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। इस दौरान उनका एक पैर आधा कटकर अलग हो गया। टक्कर के बाद उनकी बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और घिसटते-घिसटते उसमें आग लग गई।
हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल राम सनेही पैर कटने के बाद उठने की कोशिश करते दिख रहे हैं, लेकिन दर्द से गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद राहगीर दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायल को सड़क पर लिटाया। सूचना मिलते ही पुलिस एम्बुलेंस के साथ पहुंची और उन्हें गोसाईंगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर PGI ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक मुरादाबाद का बताया जा रहा है। हादसे के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
