महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 28 अक्टूबर तक समर्थ पोर्टल (http://mgkvpphdadmission.samarth.edu.in/index.php) के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इस वर्ष 29 विषयों में कुल 395 सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन मांगे गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पीएचडी में प्रवेश के लिए रिसर्च एंट्रेंस टेस्ट RET आयोजित किया जाएगा।
परीक्षा में दो पेपर होंगे—पहला पेपर 50 प्रश्नों का होगा, जो 100 अंकों का होगा, जबकि दूसरा पेपर 100 प्रश्नों का होगा, जो 200 अंकों का होगा। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। सामान्य वर्ग और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपये तथा एससी-एसटी वर्ग के लिए 750 रुपये निर्धारित किया गया है। पीएचडी प्रवेश के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा, जबकि आरक्षित वर्ग को 5 प्रतिशत की छूट दी गई है। इन विषयों में उपलब्ध सीटें और सबसे अधिक सीटें संस्कृत विषय में 60 और समाजशास्त्र में 50 हैं। सामाजिक कार्य में 42, अर्थशास्त्र में 41, अंग्रेजी में 30, राजनीति विज्ञान व मनोविज्ञान में 25-25, शिक्षा मानविकी में 17, दर्शनशास्त्र में 12, गृह विज्ञान में 10, संगीत, गायन में 9, रक्षा अध्ययन में 8, उर्दू, विधि और प्राणी विज्ञान में 6-6, भूगोल, वनस्पति विज्ञान व हिंदी में 5-5, फिजिक्स, केमेस्ट्री और गणित में 4-4, आधुनिक इतिहास व मध्यकालीन इतिहास में 3-3, सांख्यिकी में 3, प्राचीन इतिहास व पत्रकारिता एवं जनसंचार में 2-2 और फाइन आर्ट्स ललित कला में महज 1 सीट निर्धारित की गई है।
