उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। सुबह कानपुर, गोंडा, मथुरा, हाथरस, बरेली, श्रावस्ती और नोएडा समेत 10 से अधिक शहरों में तेज बारिश हुई। मथुरा और श्रावस्ती में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं हाथरस के कई इलाकों में बिजली गुल रही। बारिश के दौरान बिजली गिरने से मथुरा, श्रावस्ती और कन्नौज में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने 17 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। लखनऊ मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में नया लो प्रेशर एरिया बनने से मानसून एक्टिव हुआ है। 3 अक्टूबर तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 2 अक्टूबर को दशहरा है और मौसम विभाग का अनुमान है कि इसके बाद अक्टूबर के पहले हफ्ते तक मानसून की वापसी हो जाएगी। लोगों को सावधानी बरतने और अलर्ट के दौरान सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।
