मिशन शक्ति फेज-05 के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने जन-जागरूकता स्कूटी रैली निकाली। मां विंध्यवासिनी धाम से शुरू हुई इस रैली को नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुरानी वीआईपी गेट से होकर अष्टभुजा मार्ग, संकट मोचन, घंटाघर, रोडवेज और कटरा होते हुए पुलिस लाइन तक पहुंची। कुल 7 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए महिला पुलिसकर्मियों ने रास्ते में लोगों को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और मिशन शक्ति की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
विधायक मिश्र ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और महिला पुलिस बल हमेशा पीड़िताओं की मदद के लिए तैयार है। उन्होंने चेतावनी दी कि नारी शक्ति का अपमान करने वालों को सख्त सजा मिलेगी।रैली में शामिल महिला पुलिसकर्मियों ने नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया और संदेश दिया कि किसी भी उत्पीड़न की घटना पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाती हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाती हैं।
Tags
Trending