रेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत बनारस रेल इंजन कारखाना बरेका में “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025” के अंतर्गत स्वच्छता और कूड़ा-मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह अभियान प्रतिवर्ष 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे देश में मनाया जाता है।बरेका महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन एवं मुख्य संरक्षा अधिकारी रामजन्म चौबे के निर्देशन में बरेका परिसर स्थित कर्मचारी क्लब के समीप स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स द्वारा नुक्कड़-नाटक का मंचन किया गया। इस नाटक के माध्यम से कूड़ा-कचरा न फैलाने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।इसी क्रम में बरेका राजभाषा विभाग की ओर से बरेका कीर्ति कक्ष में निबंध एवं कविता प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लेकर स्वच्छ भारत मिशन की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति से स्वच्छता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से सामने आई।स्वच्छता अभियान 5.0 के प्रथम चरण में बरेका सुरक्षा विभाग के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्ण सहभागिता की, जिससे कार्यस्थलों में स्वच्छता, सुव्यवस्था और कार्यकुशलता को प्रोत्साहन मिला।
इस अवसर पर मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री रामजन्म चौबे ने कहा कि “स्वच्छता अभियान 5.0-2025 का यह प्रथम चरण न केवल कार्यस्थलों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि यह कर्मचारियों में सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना भी विकसित करता है। हम सभी को मिलकर स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने में योगदान देना चाहिए।”बरेका संरक्षा विभाग ने आगे भी स्वच्छता और कार्यस्थल प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर गतिविधियों की श्रृंखला जारी रखने का संकल्प लिया है।
