गाजीपुर हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। चौबेपुर थाना क्षेत्र के रामपुर चंद्रावती के पास तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अनुराग यादव 18 वर्ष, पुत्र साधु यादव, निवासी रामपुर के रूप में हुई है।जानकारी के मुताबिक, अनुराग सुबह करीब साढ़े पांच बजे अपने दो साथियों के साथ साइकिल से सुभाष इंटर कॉलेज, चौबेपुर के खेल मैदान में सेना भर्ती की तैयारी के लिए जा रहा था। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रही, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद जाम खोला गया।
फिलहाल पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि अनुराग एक होनहार और अनुशासित युवक था, जो सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहता था, लेकिन तेज रफ्तार वाहन ने उसके सपनों को रौंद दिया।

