थाना रोहनिया क्षेत्र में शुक्रवार को डीपीएस स्कूल के सामने एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक अनियंत्रित हो गया।अनियंत्रित ट्रक ने अपना लेन छोड़ते हुए सड़क किनारे बने डिवाइडर को तोड़ दिया और दूसरी दिशा में जाकर कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया।हादसे में करीब 7 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें एक फॉर्च्यूनर, एक ऑडी और एक बलेनो समेत अन्य चार वाहन शामिल हैं, जो आगे और पीछे से बुरी तरह टूट गए।
दुर्घटना के दौरान फॉर्च्यूनर और बलेनो के चालक वाहन के अंदर मौजूद थे, जिससे वे घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। राहत की बात यह रही कि दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर यह हादसा करीब 10 मिनट बाद होता, तो स्कूल की छुट्टी के समय बड़ी संख्या में बच्चे और अभिभावक सड़क पर मौजूद होते, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।सूचना मिलते ही रोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अखरी चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र राजपूत के नेतृत्व में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों में डीपीएस स्कूल प्रबंधन को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अक्सर जाम और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।वहीं, एक अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि इस घटना में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आती है। यदि उचित पार्किंग व्यवस्था की जाए, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।अखरी चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र राजपूत ने भी स्कूल प्रबंधन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रक चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

